Pages

Saturday, 25 July 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ……………तीसरा दिन

सुबह  जल्दी ही घर से निकल गया और गुजरात समाज भवन पहुंच गया। बाहर बस खड़ी थी। सभी यात्री बस में बैठे गए। बस चल पड़ी। सभी यात्री प्रफुल्लित और उत्साहित  थे। उच्च-स्वर में 'ओम नमःशिवाय’ का उदघोष कर रहे थे। बस सड़कों पर दौड़ती हुई  विदेश मंत्रालय पहुँच गई। सभी यात्रियों की क़तार बनाकर, नाम पुकारकर और लिस्ट से मिलाकर हॉल में पहुँचाया गया।

विदेश-मंत्रालय और कुमाऊं-मंडल के आधिकारी वहाँ पहले से ही उपस्थित थे।  हमारे एल.ओ. साहब भी हॉल में थे।   कुमाऊ-मंडल और आईटीबीपी के अधिकारियों ने यात्रा की ब्रीफिंग की, साथ-साथ यात्रा संबंधी कठिनाइयों की जानकरी दी। वही पर हम सब यात्रियों के इन्डेंमनिटी बोंड और फॉर्म इत्यादि भरवाए गए और शेष रकम  27000  रुपए भी लिए गए और रसीदें दीं। मैंने शेष राशि का ड्राफ्ट पटियाला  से बनवा लिया था। सभी के पासपोर्ट वापिस किए  ताकि लोग डालर खरीद सकें। मैंने तो डॉलर पटियाला  से ही खरीद लिए थे। काफी यात्री वही से डॉलर खरीद रहे थे। वही पर किसी बैंक का कर्मचारी  आ गया था और जिस ने भी डॉलर लेने थे उस को अपना नाम और जितने डॉलर लेने थे, उस को लिखवा रहे थे।

एक बजे के करीब सब फ्री हो गए।  मैं बस से गुजरात समाज भवन ना जा कर मेट्रो से सीधा घर जाने का निश्चिय किया क्योंकि  शाम को गुजरात समाज भवन में भजन संध्या थी।   विदेश मंत्रालय के भवन से निकल कर सीधा पास के मेट्रो स्टेशन पहुंचा तो वहां जा कर पता लगा कि मेट्रो स्टेशन किसी कारण बंद था।  मैं फिर से विदेश मंत्रालय के भवन पंहुचा लेकिन तब तक हमारी बस जा चुकी थी। अचानक वहां पर हमारे बैच से नीलम जी और  अंजू जी वहां अपनी गाडी के पास खड़े थे।  मैंने उन्हें रिक्वेस्ट की वे मुझे अगले मेट्रो स्टेशन तक छोड़ दें। उन्होंने मुझे गाडी में बिठाया और अगले मेट्रो स्टेशन तक छोड़ दिया। इस ले पहले मेरी उन से बोल चाल नहीं थी।  लेकिन इस यात्रा में मेरी इनसे बहुत अच्छी बनी।  अब मेट्रो पकड़ सीधा घर गया और सामान पैकिंग में लग गया।  आज ही पटियाला से मेरी मम्मी भी आ गए थे। मेरी वाइफ 2  दिन पहले आ गई थी।
 
 
भजन-संध्या
 
उसी दिन शाम  दिल्ली-सरकार की ओर से गुजराती-समाज में यात्रियों का विदाई-समारोह और भजन-संध्या का आयोजन था। सब काम करके हम नहा धोकर  मैं अपनी बहन -जीजा जी , मम्मी , वाइफ के साथ भजन संध्या में पहुँच गए। दिल्ली सरकार की तीर्थ-यात्रा विकास समिति के चैयरमैन  श्री उदयकौशिक जी  सामने स्टेज पर उपस्थित थे। दायीं ओर एक मेज पर भगवान गौरी-शंकर की मूर्ति विराजमान थीं जिन पर पुष्प-मालाएँ सुशोभित हो रहीं थीं। लोग बारी-बारी से आकर मूर्तियों पर तिलक लगा रहे थे और पुष्प समर्पित कर रहे थे। बायीं ओर एक बड़ी चौकी पर भजन गायक भक्ति रस फैला रहे थे। लोग मगन होकर तालियाँ बजा रहे थे, झूम रहे थे और नाच रहे थे। बहुत सुंदर समां बांधा गया था।
 
कुछ देर में हमारे एल.ओ. आ गए और उदयकौशिक जी के बराबर मंच पर बैठ गए। कुछ संबोधन और भाषण हुए। भगवान शंकर की आरती हुई। इसके बाद सभी यात्रियों का दिल्ली सरकार की ओर से स्वागत किया गया। सभी को फूलमाला पहनायी गयीं। एक ट्रैक-सूट, एक बरसाती सूट और एक ट्रैवल-बैग (रकसक) जिसमें एक टार्च और एक डिब्बे में पूजा का सामान था भेंट किया गया।  दिल्ली-सरकार अपने राज्य से जाने वाले प्रत्येक कैलाश-मनसरोवर यात्री को पच्चीस हजार रुपया सब्सिडी भी देती है।

अब बारी थी भोजन की। सभी ने स्वादिष्ट  भोजन का आनंद लिया। चूंकि लगभग यात्रीगण वहीं ऊपर रुके हुए थे सो कुछ-कुछ करके लोग जाते जा रहे थे। सुबह  मुझे साढ़े चार बजे तक पहुँचना था।  क्योंकि सभी के लगेज वाला ट्रक पहले ही रवाना हो जाता है इसलिए थोड़ा जल्दी पहुँचना था।
 
अगली  पोस्ट में दिल्ली से प्रस्थान होगा। …

इस यात्रा को आरम्भ से पढने के लिये यहाँ क्लिक करें। 
 
 

मिनिस्ट्री ऑफ़ एक्सटर्नल अफेयर की बिल्डिंग 

 


दिनेश बंसल जी के साथ 

 
 

आईटीबीपी, उदय कौशिक जी, एल ओ साहिब और MEA के अधिकारी 

 
 

 

शाम को भजन संध्या 

 
 
 
 

ग्रुप फोटो 

 

Thursday, 23 July 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ….........… दूसरा दिन


अगले दिन सुबह मदनगीर में भा०ति०सी०पु० के अस्पताल में बुलाया गया था। अगली सुबह मेट्रो से मैं गुजरात समाज भवन पहुँच गया और वहां से हमें बस से  भारत तिब्बत सीमा  पुलिस के अस्पताल ले जाया गया। हमें पहली मंजिल पर एक हाल में बिठाया गया। जहाँ पर बड़ी और लंबी मेज के चारों ओर कुर्सियाँ लगीं थीं।  वहीँ पर हमारे एल०ओ० साहब Mr. Rajinder Kataria भी आ गए। वहां पर  यात्रियों के छोटे-छोटे समूह बना दिए गए थे और अलग-अलग कमरों में डॉक्टर्स एक-एक को बुलाकर कुछ जाँच के साथ-साथ कल की जाँच-रिपोर्टों के आधार पर अंतिम रिपोर्ट दे रहे थे। मन में कुछ घबराहट सी महसूस हो रही  थी कि पता नहीं रिपोर्ट में क्या आएगा। बाद में महसूस हुआ सभी का यही हाल है।  कुछ देर बाद रिपोर्ट के लिए मेरा नंबर आया।  डॉक्टर साहब ने मेरी रिपोर्ट देखी और ओके कर दिया। मेडिकल टेस्ट में पास होने से  बहुत ख़ुशी हुई और  उसी समय भगवान को नमन किया।

वहीँ पर भटिंडा की प्राइवेट  सेवा-संस्था की ओर से भोजन का आयोजन था। वे बड़े आदर से स्वयं हाथों से खाना परोस रहे थे। उस संस्था ने यात्रियों को एक-एक बैल्ट-पाउच भी भेंट किए।

इस के साथ ही कैलाशी गुलशन भाई की तरफ से हमें यात्रा में काम आने वाले सामान एक छोटा बैग एवं उनकी यात्रा की संस्मरण पत्रिका आशीर्वाद स्वरूप मिली, जो यात्रा के समय में काफी उपयोगी रही।
 
धीरे-धीरे सभी लोग हाल में एकत्र हो गए। अभी भी कई यात्रियों की रिपोर्ट आनी बाकी थीं। एल०ओ० साहिब ने सभी को शुभकामनाएँ दी और यात्रा के लिए अलग अलग कमेटियाँ बनाई गई। जैसे luggage  कमेटी ,finance कमेटी, food कमेटी (जो तिब्बत में  भोजन के प्रबंध  के लिए बनाई गई थी।), alarm कमेटी ( ये कमेटी यात्रियों को सुबह जल्दी उठाने के काम के लिए थी। ) इत्यादि। मैंने अपनी ड्यूटी luggage कमेटी मे लगवाई।
 
यही पर सब यात्रियों से 2000 रूपए एकत्रित किये गए। इन से राशन का सामान खरीदना था जो  तिब्बत ले कर जाना था क्योंकि तिब्बत में खाने पीने का प्रबंध बैच को खुद करना पड़ता है।  
 
चूँकि कुछ यात्रियों की मेडिकल-रिपोर्ट अभी भी आनी शेष थी इसलिए सभी यात्री उसी कक्ष में बैठे उनका इंतजार कर रहे थे। ऐसे करते-करते सभी यात्रियों की रिपोर्ट्स मिल गयीं। हमारे बैच में से 9  यात्रियों को चिकित्सीय-जाँच में अयोग्य पाया गया। उस समय यह निश्चित हो गया कि हमारे बैच में केवल 51 यात्री ही जाएँगे।

तभी वहाँ लाइट  चली गई। अब हम सब यात्री नीचे पार्क में आ कर बैठ गए।  यही पार्क में बैठ कर food  कमेटी  समान की लिस्ट तैयार करने लग गई जो हमें दिल्ली से खरीदना था और उस समान को शाम को दो - तीन यात्रिओं के सहयोग से लाया गया।  यहीं पर एक और संस्था ने हमें सम्मानित किया और सभी को stick दिया। 

जो यात्री सेलेक्ट नहीं हुए थे उनमे बहुत ही निराशा थी। एक यात्री जो अनफिट थे और हमारे साथ नहीं जा रहे थे वो तो इतना निराश थे और  कह रहे थे कि आज के बाद वो कभी भगवान का जाप नहीं करेंगे और ना ही कभी मंदिर जाऊंगा। इस तरह ख़ुशी और निराशा का संगम  एक साथ देखने को मिला।

सभी यात्री बस में बैठकर गुजराती-समाज की ओर चल पड़े। कल विदेश-मंत्रालय के भवन में जाना था।  घर  आकर सभी नजदीकी लोगों को अपनी यात्रा के पक्के होने की सूचना दी। अपने परिवार और आसपास के लोगों में मैं ही श्री कैलाशधाम के दर्शन करने जाने वाला  पहला  तीर्थयात्री  था।

वहां से मैं सिस्टर के घर चला गया।  घर आ कर सामान की पैकिंग करने लगा जोकि एक बहुत बड़ा चुनौती भरा कार्य  था।  दो बैग कपड़ों के तैयार किये गए।  एक बैग कपड़ो का इंडिया के लिए और दूसरा बैग कपड़ों का तिब्बत  के लिए।  रात को मेरी एड़ियों में बहुत दर्द होने लगा। ये दर्द काफी दिनों से था। लेकिन आज कुछ ज्यादा ही हो रहा था।  मन में एक शंका हुई क्या ये यात्रा इस दर्द के साथ पूरी हो पायेगी?  रात को मैं डॉक्टर के पास गया उसे सब कुछ बताया गया यात्रा के बारे में तो उस ने मुझे कुछ medicine दी। 

इस यात्रा को आरम्भ से पढने के लिये यहाँ क्लिक करें 

  
हॉल में दिनेश बंसल जी के साथ 




एक सेवा संस्था द्वारा हमें सम्मानित करते हुए। 


कमेटियों का चयन  करते हुए एल.ओ साहिब 

Monday, 20 July 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा …… आवेदन, तैयारी और यात्रा का पहला दिन


कैलाश इस  संसार का सबसे पवित्र  पर्वत है। जहाँ  हर साल हज़ारों की संख्या में भिक्षु,योगी,तीर्थ-यात्री कई तरह की मुश्किलों का सामना कर के इस पवित्र पर्वत के दर्शन करते हैं। मेरे ख्याल से ये दुनिया की सबसे कठिन धार्मिक यात्रा है। मैं सच में अपने आप को बहुत किस्मत वाला समझता हूँ जो मैंने इस यात्रा को भोले नाथ जी  की कृपा से पूरा किया। इस पवित्र  यात्रा को आसान से शब्दों में आप के सामने रख रहा हूँ। 

कैलाश मानसरोवर यात्रा करने का  दिल पिछले तीन चार सालों से कर रहा था,लेकिन हर बार आवेदन करते करते रह जाता या ये भी कह सकते हैं कि कोई न कोई अड़चन आ जाती  इस वजह से आवेदन नहीं कर पाया। शायद भगवान भोले शंकर की तरफ से बुलावा नहीं आया था। कैलाश यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन  करने और उसके प्रिंट निकालने की आखिरी तारीख 5 मार्च 2014 थी। लेकिन कैलाश यात्रा के लिए फरवरी में ऑनलाइन आवेदन कर ही दिया और ऑनलाइन आवेदन का फॉर्म तथा पासपोर्ट की कॉपी मिनिस्ट्री ऑफ़ एक्सटर्नल अफेयर के ऑफिस दिल्ली  में स्पीड पोस्ट कर दी गई। आवेदन के बाद अब इन्तजार था ड्रा का। अप्रैल में eligible यात्रियों की लिस्ट आ गई। जिस में 2500 यात्रियों के नाम थे।  उस लिस्ट में अपना नाम देख कर मुझे बहुत ख़ुशी हुई।  लेकिन अभी तो सिलेक्टेड यात्रियों की लिस्ट आनी  बाकी  थी।

इस साल कुल 18 बैच  जाने थे और हर बैच में 60 यात्रियों का सिलेक्शन होना था यानि 1080 यात्री ही जा सकते थे। आखिर वो दिन भी आ गया जिस दिन  रिजल्ट आना था।  भगवान भोले शंकर का  ध्यान कर के रिजल्ट देखने लगा। जब अपना नाम पांचवे बैच में देखा तो ख़ुशी का ठिकाना ही नहीं रहा ऐसा लग रहा था जैसे भोलेनाथ  ने सब कुछ दे दिया।  मैंने घर में सब को बताया तो सभी बहुत खुश हुए। रिजल्ट निकलने के बाद तय समय तक विदेश मंत्रालय को अपने स्वीकृति पत्र के साथ पांच हजार का ड्राफ्ट भेजना होता है, जो मैंने निश्चित समयावधि में स्वीकृति-पत्र के साथ भेज दिया। (जो लोग यह ड्राफ़्ट निश्चित समयावधि में नहीं भेजते हैं उनकी यात्रा हेतु अस्वीकृति मान ली जाती है)

यात्रा 8 जून 2014 को शुरू होनी थी और हमारे  5th बैच के यात्रियों को 24 जून को दिल्ली  रिपोर्ट करना था। यहाँ पर एक अड़चन आ गई थी। 25 जून के करीब घर पर भागवत के  पाठ का प्रोग्राम बन रहा था।  मैंने अपना बैच 5th से 1st में करने की कोशिश की।  लेकिन हो ना सका। बाद में भागवत का प्रोग्राम आगे कर दिया गया।  अच्छा हुआ मेरा बैच 5th ही रहा इस 5th बैच का क्या महत्ब था मुझे बाद में पता चला जो मैं बाद में आप को बताउगां।  

अब यात्रा की तैयारी शुरू करने का समय था।  सब से पहले सुबह शाम सैर शुरू की गई। शुरू के 70 मिनट में 5 km walk ही कर पाया, लेकिन एक महीने में यही 5 km 35 से लेकर 40 मिनट में कवर होने शुरू हो गए।  इस के साथ ही हर रोज 18  km ऑफिस का आने जाने का रास्ता साइकिल से शुरू किया गया। साथ साथ विदेश मंत्रालय द्वारा भेजी गई लिस्ट के हिसाब से सामान इकट्ठा करना शुरू कर दिया।  दिल्ली  जाने  के 20 दिन पहले मैंने अपने दोस्त संदीप भाई जो की दिल्ली में रहते हैं और ब्लॉग भी लिखते है उनसे अपनी तैयारी के विषय में बात की तो उन्होंने मुझे बताया की अब कंधे पर कम से कम 5 kg का बैग  उठा कर तेज चलने का  अभ्यास  करो। अब बैग उठा कर चलने का अभ्यास  भी शुरू कर दिया गया।  
 
मैं 22  जून को दिल्ली अपनी बहन के पास पहुँच गया और जो थोड़ा बहुत सामान रह गया था वो दिल्ली में ही ख़रीदा गया। अन्य स्थानों से आए सभी कैलाश-मानसरोवर यात्रियों को कुमाऊँ-मंडल और दिल्ली सरकार गुजराती-समाज सदन में ठहराते हैं। आखिर में 24 जून 2014 को शाम को दिल्ली  में गुजराती समाज  सदन  में रिपोर्ट किया गया। वहां दूसरी मंजिल पर अपना सामान डोरमैट्री रूम में रखा दूसरे कमरे में उदय कौशिक जी (चेयरमैन - दिल्ली सरकार तीर्थ यात्रा विकास समिति ) यात्रियों  को यात्रा का  महत्व  बता रहे थे और धर्म ज्ञान दे रहे थे। मैं भी उस धर्म ज्ञान में सम्मलित हो गया। आखिर में हमें बताया गया कि कल को हमारा मेडिकल टेस्ट है और सुबह हमें जल्दी तैयार रहना है।  वही पर राम चंदर मित्तल जी से मुलाकात हुई जो कि  चंडीगढ़ से थे। उन से यहाँ आने से पहले फ़ोन पर बात हुई थी। तब हमें खाने के लिए कैंटीन के बारे बताया गया। खाना बहुत ही अच्छा था। रात का खाना खाने के बाद सब अपने अपने बेड पर सोने चले गया।  रात  को एक अंकल के खर्राटों के कारण मैं रात को सो नहीं पाया।

अगले दिन 25th जून को यात्रीगणो को सुबह कुमाऊँ-मंडल द्वारा   बस से दिल्ली हार्ट & लंग इंस्टीट्यूट मेडिकल टेस्ट के लिए लाया गया । यहीं पर पहली बार अपने सहयात्रियों से मेरा परिचय हुआ।  अस्पताल के युवा कर्मचारी बड़ी मृदु-वाणी में सौहार्द्रपूर्ण ढंग से यात्रियों के नाम पुकार कर बुला रहे थे। सभी को पहचान हेतु एक रीबन बांधने को दिया गया था।

एक ओर अस्पताल के कर्मचारी एक फार्म भरवा रहे थे जिसमें हमारी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भरनी थी और  साथ ही 3100 रुपए मेडिकल टेस्ट की फीस भी जमा करनी थी तो दूसरी ओर कुमाऊँ-मंडल के अधिकारी हमारे पासपोर्ट और Chinese वीज़ा-शुल्क 2400  रुपए एकत्र कर रहे थे। यही पर मेरी मुलाकात विजय कोचर जी से हुई जो फरीदाबाद से थे। उन से मेरी फ़ोन पर एक दो बार फ़ोन पर बातचीत हुई थी।  उन के साथ वीरेंदर वर्माजी थे। 

अस्पताल में मूत्र और रक्त की जाँच के अलावा ई.सी.जी., ट्रेडमिल टेस्ट जैसी जाँच भी हुईं। इन सारे टेस्ट में काफी समय बीत गया और सुबह से खली पेट होने के कारण भूख भी लग रही थी।  अस्पताल की केंटीन में टोकन लेकर नाश्ते की व्यवस्था थी। चाय-सेंडविच इत्यादि। भूखे हो तो कुछ बुरा नहीं लगता। वैसे नाश्ता अच्छा था। :-)

खाना खाने के बाद कॉनफ़्रेंस रूम में  डाक्टरों ने संबोधित किया। पर्वतारोहण के समय होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से सावधानी बरतने और रोग-संबंधी जानकारी दी। जो दवाइयाँ अपने साथ ले जानी थी उनकी जानकारी दी। कुछ पावर-पाइंट प्रस्तुति भी दी। शाम को  सभी तीर्थयात्री बस में बैठकर गुजरात समाज सदन में चले गए लेकिन मैंने वहां जाने की जगह मैं अपनी बहन  के घर चला गया। 

इस यात्रा को आरम्भ से पढने के लिये यहाँ क्लिक करे




गुजरात सेवा भवन मे हमारा पूजा स्थल 





मेडिकल टेस्ट के लिए इंतजार करते हुए 



Saturday, 18 July 2015

KAILASH MANSAROVAR YATRA - कैलाश मानसरोवर यात्रा का महत्व

कैलाश मानसरोवर यात्रा
ओम नमः शिवाय
ॐ 




मुझे बहुत ही ख़ुशी है कि मैं अपना ब्लॉग कैलाश मानसरोवर यात्रा से शुरू कर रहा हूँ।  धर्मयात्रा में मैं  आपको दर्शन करा रहा हैं कैलाश मानसरोवर के। मानसरोवर वही पवित्र जगह है, जिसे शिव का धाम माना जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार मानसरोवर के पास स्थित कैलाश  पर्वत   पर शिव-शंभु का धाम है। यही वह पावन जगह है, जहाँ शिव-शंभु विराजते हैं। 

कैलाश पर्वत, 22,028 फीट ऊँचा एक पत्थर का पिरामिड, जिस पर सालभर बर्फ की सफेद चादर लिपटी रहती है। हर साल कैलाश-मानसरोवर की यात्रा करने, शिव-शंभु की आराधना करने, हजारों साधु-संत, श्रद्धालु, दार्शनिक यहाँ एकत्रित होते हैं, जिससे इस स्थान की पवित्रता और महत्ता काफी बढ़ जाती है।


मान्यता है कि यह पर्वत स्वयंभू है। कैलाश-मानसरोवर उतना ही प्राचीन है, जितनी प्राचीन हमारी सृष्टि है। इस अलौकिक जगह पर प्रकाश तरंगों और ध्वनि तरंगों का समागम होता है, जो ‘ॐ’ की प्रतिध्वनि करता है। इस पावन स्थल को भारतीय दर्शन के हृदय की उपमा दी जाती है, जिसमें भारतीय सभ्यता की झलक प्रतिबिंबित होती है। कैलाश पर्वत की तलछटी में कल्पवृक्ष लगा हुआ है। कैलाश पर्वत के दक्षिण भाग को नीलम, पूर्व भाग को क्रिस्टल, पश्चिम को रूबी और उत्तर को स्वर्ण रूप में माना जाता है।

यह स्थान बौद्ध धर्मावलंबियों के सभी तीर्थ स्थानों में सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। तिब्बतियन धर्मवालिम्बी  इस पर्बत को Kangri Rinpoche; ('Precious Snow Mountain') कहते हैं.  कैलाश पर स्थित बुद्ध भगवान के अलौकिक रूप ‘डेमचौक’ बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए पूजनीय है। वह बुद्ध के इस रूप को ‘धर्मपाल’ की संज्ञा भी देते हैं। बौद्ध धर्मावलंबियों का मानना है कि इस स्थान पर आकर उन्हें निर्वाण की प्राप्ति होती है।

वही जैन धर्म में इसे सुमेरु पर्बत कहते हैं. जैन धर्म के पहले तीर्थंकर ने भी यहीं निर्वाण लिया। कुछ लोगों का मानना यह भी है कि गुरु नानक ने भी यहाँ ध्यान किया था।




मानसरोवर झील से घिरा होना कैलाश पर्वत की धार्मिक महत्ता को और अधिक बढ़ाता है। प्राचीनकाल से विभिन्न धर्मों के लिए इस स्थान का विशेष महत्व है। इस स्थान से जुड़े विभिन्न मत और लोककथाएँ केवल एक ही सत्य को प्रदर्शित करती हैं, जो है सभी धर्मों की एकता। 

ऐसा माना जाता है कि महाराज मानधाता ने मानसरोवर झील की खोज की और कई वर्षों तक इसके किनारे तपस्या की थी, जो कि इन पर्वतों की तलहटी में स्थित है। बौद्ध धर्मावलंबियों का मानना है कि इसके केंद्र में एक वृक्ष है, जिसके फलों के चिकित्सकीय गुण सभी प्रकार के शारीरिक व मानसिक रोगों का उपचार करने में सक्षम हैं। 


पश्चिम तिब्बत में स्थित कैलाश मानसरोवर 55 मील की परिधि में फैली हुई है। गहरी नीली पर दूधिया प्रकाश वाली जड़ी-बूटियों से युक्त जल से लबालब यह झील अनुपम पावनता और प्राकृतिक सौंदर्य की बेजोड़ मिसाल है। यह धार्मिक आस्थाओं का ऐसा तीर्थ है, जो पारलौकिक सद्गति का प्रतीक है। पौराणिक संदर्भ में महाशिव भगवान् की यह क्रीड़ा-भूमि है।

यद्यपि भौगोलिक दृष्टि से यह अब चीन में स्थित है लेकिन यह पवित्र स्थली हिंदुओं, बौद्धों, जैनों तथा तिब्बती लामाओं के लिए श्रद्धा-केंद्र रही है। हिन्दुओ के लिए यह देवताओं का सिंहासन और भगवान शिव का निवास स्थल है तो बौद्धों के लिए अति विशाल प्राकृतिक मंडल। वैसे दोनों धर्मों के लिए यह स्थल तांत्रिक शक्तियों का अक्षय भंडार है।


मानसरोवर झील की उत्पत्ति ब्रह्मा के मस्तिष्क से मानी जाती है। रामायण में लिखा है- हिमालय के समान दूसरा पर्वत नहीं है क्योंकि इसमें कैलाश और मानसरोवर जैसे पवित्र स्थल हैं। जिस प्रकार प्रभात के सूर्य की किरणों से ओस सूख जाती है उसी प्रकार हिमालय को देखने भर से मनुष्य के सारे पाप मिट जाते हैं।

22,028 फुट ऊंचा पिरामिड के आकार का कैलाश पर्वत अपने अभिनव सौंदर्य के साथ झील में ऐसे प्रतिबिम्बित होता है जैसे झील इसे आंचल में समा लेने को आतुर हो। सिन्धु, सतलुज, ब्रह्मपुत्र तथा करनाली चार-चार नदियों का उद्गम स्थल कैलाश पर्वत वंदनीय है। हिन्दुओं का विश्वास है कि पावन नदी गंगा स्वर्गलोक से यहीं गिरती है तथा उपरोक्त चार नदियों में
विभाजित हो जाती है तथा पृथ्वी के चार चौथाई भागों को जलप्लावित करती है।


कैलाश मानसरोवर को शिव-पार्वती का घर माना जाता है. सदियों से देवता, दानव, योगी, मुनि और सिद्ध महात्मा यहां तपस्या करते आए हैं।  प्राचीन ग्रंथों के अनुसार हिमालय जैसा कोई दूसरा पर्वत नहीं है क्योंकि यहां भगवान शिव का निवास है और मानसरोवर भी यहीं स्थित है।  हर वर्ष मई-जून महीने में भारत सरकार के सौजन्य से सैकड़ों तीर्थयात्री कैलाश मानसरोवर की यात्रा करते हैं। 




अगले भाग में जारी .......