Pages

Monday, 17 August 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ---ग्यारहवाँ दिन :- गुंजी से कालापानी, नवींढांग(ऊँ पर्वत)


कालापानी की ऊँचाई 3600 मीटर,
नवींढांग की ऊँचाई 4250 मीटर
 
कुल रास्ता : - 19 कि.मी  पैदल 
समय       : - 10.30 घंटे लगभग 

सुबह 3.30 बजे नींद खुल गई। नित्य कर्मा से निवृत होकर मैंने स्नान किया और जल्दी से तैयार होकर, चाय पी कर 5.15 बजे कालापानी के लिए निकल गया। मंदिर में शीश झुकाकर और वंदना करके सभी भोले के नाम का जयकारा लगाकर जवानों के साथ चल दिए। गंुजी से चीन सीमा तक यात्रियों के साथ आगे-पीछे एवं बीच में आईटीबीपी के जवान चलेंगें। जवानों ने इमरजेंसी के लिये साथ में आक्सीजन सिलेंडर भी रखे हुए थे। 

जैसे-जैसे आगे बढ़ते जा रहे थे, हरियाली कम होते जा रही थी। केवल पत्थर, चट्टान ही दिखाई दे रहा था। प्राकृतिक धरोहर को आँखों में भरते हुए काली नदी के किनारे-किनारे आगे बढ़ते  जा रहे थे। लगभग ३ घंटे चलने की बाद हम काली नदी के उदगम स्रोत पर बने कालीमाता के मंदिर पर पहुँच गए। काली नदी में बने पुल से नदी पारकर कालापानी पहुंचे। सरोवर के किनारे रास्ते पर चारों ओर रंगीन पेपर की झंडियाँ लगायी हुयीं थीं। छोटे-छोटे पत्थरों को लाल रंगकर उनसे सरोवर के जल में ऊँ लिखा हुआ था।

काली नदी के बारे में

काली नदी भारत के उत्तराखंड राज्य में बहने वाली एक नदी है। इस नदी का उद्गम स्थान हिमालय में 3600  मीटर की ऊँचाई पर स्थित कालापानी नामक स्थान पर है, जो उत्तराखंड राज्य के पिथौरागढ़ जिले में है। इस नदी का नाम काली माता के नाम पर पड़ा जिनका मंदिर कालापानी में लिपु-लीख दर्रे के निकट भारत और तिब्बत की सीमा पर स्थित है। अपने उपरी मार्ग पर यह नदी नेपाल के साथ भारत की निरंतर पूर्वी सीमा बनाती है। यह नदी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में पहुँचने पर शारदा नदी के नाम से भी जानी जाती है।
काली नदी जौल्जिबि नामक स्थान पर गोरी नदी से मिलती है। यह स्थान एक वार्षिक उत्सव के लिए जाना जाता है। आगे चलकर यह नदी, कर्नाली नदी से मिलती है और बहराइच जिले में पहुँचने पर इसे एक नया नाम मिलता है, सरयु और आगे चलकर यह गंगा नदी में मिल जाती है। पंचेश्वर के आसपास के क्षेत्र को 'काली कुमाँऊ' कहा जाता है। सिंचाई और पन-विद्युत ऊर्जा के लिए बनाया जा रहा पंचेश्वर बांध, जो नेपाल के साथ एक संयुक्त उद्यम है, शीघ्र ही सरयू या काली नदी पर बनाया जाएगा। काली नदी भारत और नेपाल की सीमा रेखा बनकर दोनों को पृथक करती है। 
 

मंदिर के सामने एक पहाड़ में बहुत ऊँचाई पर एक गुफ़ा थी। जहां पर आईटीबीपी द्वारा पहचान हेतु झण्डा भी लगाया गया है। उक्त सुराख को ‘‘व्यास गुफा” बताया गया। इसी गुफा में महामुनि ब्यास  द्वारा वर्षों तपस्या की गयी है।

ऊँचे-ऊँचे पर्वत शिखरों से घिरे काली मंदिर में भजनों का संगीत बज रहा था। मंदिर में आईटीबीपी के जवानों द्वारा आलू चिप्स एवं चाय की व्यवस्था की गई थी। यात्रीगण वहां पहुंचते जा रहे थे एवं चिप्स के साथ चाय का आनन्द ले रहे थे।

हम सभी ने जूते उतारकर हाथ-मुंह धोकर अंदर प्रवेश किया। एक बड़े से कमरे में सामने दो छोटे कक्ष थे जिनमें एक में माँ काली की प्रतिमा विद्यमान थी तो दूसरे में भगवान शंकर जी की। मंदिर को सलीके से सजाया हुआ था। रंगीन कालीन बिछा हुआ था। ढोलक मंजीरे और चिमटा इत्यादि रखे हुए थे जिनसे पता चलता था कि यहाँ भी कीर्तन होता रहता है। देखकर मन मंत्र-मुग्ध हो गया। मंदिर के बाहर बड़ा सा कुण्ड बना हुआ है जिसमें मंदिर के अन्दर से पानी बहता हुआ आकर एकत्र होता है। फिर वही पानी बहते हुए आगे जाकर नदी में मिल जाता है यहां से यह नदी कालीनदी कहलाती है। बाहर एक अन्य कक्ष में हनुमानजी की प्रतिमा थी। लगभग एक घंटा हम ने यहाँ बिताया। 


 

यह जगह इतनी सुन्दर थी कि यहाँ से जाने का दिल नहीं कर रहा था। 

शनिवार के दिन काली माता के दर्शन कर, प्रसाद ग्रहण कर इमीग्रेशन के लिए प्रस्थान किया और फॉर्म भर कर, पासपोर्ट पर इमीग्रेशन करवा कर, कालापानी कैंप में आये। जहा बुरसँ के फूलो का शरबत ताज़गी देने के लिए तैयार थे। यही पर हम लोगो ने नाश्ता किया और थोड़े विश्राम के बाद नवींढांग के लिए प्रस्थान किया।

आगे का वातावरण ठंडा होने लगा था, कालापानी से नबीढ़ांग की दूरी 9 कि.मी है। नवीढांग के रास्ते में हरियाली कम दिखी किन्तु घाटी में रंग-बिरंगी फूल जरूर दिखे। ऊँ पर्वत के दर्शनों का लोभ लिए सभी जल्दी से जल्दी नवींढांग पहुचना चाह रहे थे। नवीढ़ांग के रास्ते में लगभग चारों तरफ पहाड़ी चोटी दिखलाई दे रही थी। जिसके आसपास काफी कोहरा भी था। लगभग 3.30 बजे मैं ‘‘नवीढ़ांग” पहुंच गया।
यहाँ पर मौसम साफ़ नहीं था।  ऊँ पर्वत  बादलों में छिपा हुआ था।  

हम  टकटकी लगाये ऊँ पर्वत के पूरे दर्शनों के अभिलाषा लिए बैठे रहे परन्तु सिर्फ थोड़े से  दर्शन हुए और शाम को वह भी खत्म हो गये।   
 
सात बजे रात का खाना लग गया क्योंकि अगले दिन की यात्रा बहुत कठिन थी और अगले दिन सुबह दो बजे प्रस्थान करना था इसलिए रात को जल्दी सोना था। कल  लिपुलेख पास पार करके तिब्बत में प्रवेश करना था। लिपुलेख का मौसम बहुत थोड़ी देर सुबह लगभग सात बजे (दो/तीन घंटे) तक ही ठीक रहता है। उसके बाद वहाँ बर्फीली आंधियाँ और बारिश होने लगती है। यात्रियों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर ही लिपुलेख पास पार करना पड़ता है।  भोजन से पहले एलओ ने छोटी सी मीटिंग की। अगली सुबह सभी से कई लेअर्स में कपड़े पहनकर सिर से पैर तक ढकने और रैनकोट, टॉर्च और ड्राई-फ्रूट्स साथ रखने के लिए कहा। पोनी पर चलने वालों को ठंड से बचने के लिए विशेष ध्यान देने के लिए कहा क्योंकि पैदल चलने वाले यात्रियों को चलने से गर्मी आ जाती है पर पोनी पर हवा बहुत लगती है।
 
चीनी अधिकारियों द्वारा 7.30 बजे भारतीय समय के अनुसार (चीन का समय हम से 2.30 घंटे आगे है।) सुबह सीमा पार कराने का समय निश्चित किया गया है। इसलिए समय का ध्यान रखते हुए कल पैदल यात्री 2.00 बजे (रात के) तथा घोड़े वाले यात्री 3.00 बजे (रात को)अपनी-अपनी यात्रा प्रारंभ करेंगे तद्नुसार यात्री तैयार रहें। यहाँ पर मैंने अपने कैमरे का मेमोरी कार्ड निकाल लिया और दूसरा नया मेमोरी कार्ड डाल दिया। ऐसा सिर्फ गुंजी में दी गई चेतावनी की वजह से किया गया।  अगले दिन के रोमांच को मन में रखकर हम जल्दी सो गए।





अगली  पोस्ट में इंडियन - चाइना बॉर्डर पार करेगें ……

इस यात्रा को आरम्भ से पढने के लिये यहाँ क्लिक करें।


  

गुंजी में 










काली माता मंदिर 


ब्यास गुफा ज़ूम कर के खींचा गया फोटो 

दूर ब्यास गुफा 



काली माता मंदिर 

काली माता मंदिर के अंदर का दृश्य 


भोले बाबा 


माँ काली 







नवींढांग जाते हुए 

पांडव पर्वत 

 रास्ते में रंग बिरंगे फूल 





नवींढांग में ओम पर्वत 

नवींढांग में छोटा सा मंदिर 
 
नवींढांग

Wednesday, 12 August 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ---दसवाँ दिन :- गुंजी

 

गुंजी हाई-एल्टीट्यूड में आता है। यहाँ पर हवा का दबाव शरीर को प्रभावित करता है। आगे की यात्रा में ऊचाई क्रमशः बढ़ती जाती है। इसलिए गुंजी में पुनः मेडिकल चेक-अप किया जाता है, इसलिए यात्रीगण यहीं रूकते हैं।


रोज़ की तरह नींद 4 बजे खुल गयी, परन्तु मै आराम से उठा, नित्य कर्मा और स्नान पूजा के बाद 7 बजे तक तैयार हो गया। आज गर्म पानी में नहाकर तृप्ति हुई। 

लगभग आठ बजे सब अपनी-अपनी मेडिकल-फ़ाइल के साथ आकर खड़े हो गए। ’ऊँ नमः शिवाय’ के साथ सभी मंदिर में शीश झुकाते हुए आईटीबीपी के कैंप के प्रांगण में पहुँच गए जहाँ पहले से ही पूरा प्रबंध था। 

कुछ देर बाद आईटीबीपी के मेडिकल ऑफिसर एवं कमान्डेट आए सभी से परिचय प्राप्त कर आगे के यात्रा में आने वाली कठिनाई, समस्या एवं उसके हल करने के उपाय बताए। जिन यात्रियों के द्वारा पोनी पोर्टर की सुविधाएं नही ली गई उनसे कहा गया कि दोनों नही तो कम से कम एक सुविधा अवश्य ही ले भले ही वे उसका उपयोग न करे। यात्रियों को अकेले न चलकर समूह में चलने की सलाह दी गई।  फोटोग्राफी करते समय इस बात का ध्यान रखें कि सेना के कैम्प चाहे वो भारत के हो या चीन के हो फोटो न ले, इस के इलावा इंडिया साइड की  जितनी फोटो ली हैं उस का मेमोरी कार्ड भी ना ले जाने की सलाह दी गई।

पर्यावरण की देखभाल के अंतर्गत उनकी बटालियन ने वहाँ एक ’मानसरोवर-वन की स्थापना की है जहाँ कैलाश-मानसरोवर जाने वाले सभी यात्रियों से एक-एक देवदार का पौधा रोपवाया जाता है। फावड़े से पथरीली ज़मीन खोदकर देवदार का पौधा लगाया और पानी दिया। जवानों से उसकी रक्षा का वचन लिया। ये बाद की बात है सर्दियों में ये पौधे नष्ट हो जाते हैं। 

वापस आ कर हम सभी लोग मेडिकल के लिए अपनी बारी का इंतज़ार करने लगे। तत्पश्चात सभी यात्रियों का वजन एवं ब्लड प्रेशर चेक किया गया, तथा दिल्ली में कराए गए मेडिकल चेकअप की रिपोर्ट देखी गयी। डॉ. ने मेरी रिपोर्ट्स देखीं, ब्लड-प्रैशर हार्ट-बीट इत्यादि चैक की। एक बात और  डॉक्टर सभी यात्रीगणों के साथ बड़े ही दोस्ताना माहौल में मेडिकल चेकउप कर रहे थे।  जिस से यात्रीगणों  में मेडिकल का जो डर था वो दूर हो गया।  यहाँ तक आते आते मेरा वजन 4 किलो कम हो गया था।  मेडिकल चेकअप कराकर वापस कैम्प में आये। मौसम एकदम साफ होने व तेज धूप निकलने की वजह से कैम्प आकर सभी यात्री अपना लगेज खोलकर धूप में सामान एवं कपड़ों को सूखने डाल दिये। मैंने अपना लगेज खोलने पर पाया कि बारिश का पानी अंदर जाने से कुछ गीलापन हो गया है। मैंने भी अपना दोनो लगेज खोलकर धूप में पूरा फैला दिया। 12  बजे खबर आयी कि 1 यात्री मेडिकल में अनफिट हो गए अब उन्हें वापिस दिल्ली जाना होगा। 1.30 बजे सभी यात्रियों के साथ मैंने भी भोजन ग्रहण किया। भोजन के बाद आराम किया गया।  

शाम को घर फोन किया फिर बाहर खड़े सहयात्रियों से बातें करने लगा । कुछ यात्री  इधर-उधर टहलते हुए और प्रकृति के नजारे ले रहे थे। तभी मैं और रघु जी गुंजी गाँव घूमने चले गए।  इतनी ऊंचाई पर  स्टेट बैंक पटियाला बैंक की ब्रांच देख कर मैं बहुत हैरान था।   

अभी फिर से बैग पैक करने थे अब  हमें अपने बैग तकलाकोट में (चीन साइड) मिलने थे। ज़रूरी सामान निकल कर फिर बैग पैक किये। अब तक (गुंजी तक) जो भी कपडे पहने थे वो सभी कपडे एक बैग में रख दिए। अब ये बैग यही गूंजी में छोड़ा जायेगा। 
 
शाम छः बजे सूप पिया और यात्रीगण  कीर्तन-आरती में सम्मिलित होने चले गए।मंदिर कैंप से लगभग सौ-डेढ़ सौ मीटर के फ़ासले पर था। एक छोटा कमरा जिसके अंदर बिल्कुल सामने एक कोठरी मे मूर्तियाँ लगायी हुईं थी।

मंदिर में कुछ जवान और कुछ सहयात्री पहले से ही बैठे थे। हम भी बैठ गए। एक जवान अंदर मूर्तियों के पास पूजा और आरती की तैयारी कर रहा था। जवानों ने ढोलक, मंजीरे, चिमटे और हारमोनियम पर तान छेड़कर बहुत सुंदर भजन सुनाए तो तीर्थयात्रियों ने तालियाँ बजाकर उनका साथ दिया। इस के बाद यात्रियों में नीलम जी, वीरेंदर वर्मा जी ने बहुत ही सुन्दर भजन गाये।  नीलम जी की आवाज बहुत ही प्यारी और मीठी थी और वर्मा जी एक धार्मिक इंसान हैं और भक्ति ज्ञान का भण्डार उन में  कूट कूट कर भरा हुआ है। सुनसान पर्वतों के बीच भक्ति का ऐसा समां बंधा कि कब नौ बज गए पता ही न चला। पूरा मंदिर भरा हुआ था। समापन भगवान शिव और दुर्गा माता की आरती से हुआ। सभी आरती और प्रसाद लेकर वापिस कैंप आगए।

आते ही सीधे सभी भोजन-कक्ष की ओर चले गए। भोजन कक्ष में एलओ ने मींटिंग रखी। उसके बाद अगले दिन की यात्रा के विषय में बताया।
हमने भोजन किया और कल नवींढांग जाने के लिए बिस्तर पर पसर गए।
 
 
इस यात्रा को आरम्भ से पढने के लिये यहाँ क्लिक करें। 


गुंजी कैंप से सुबह अन्नपूर्णा चोटी का दृश्य 




गुंजी कैंप 


जवानों द्वारा चाय की पेशकश 



पौधा लगाने जा रहे यात्रीगण 


पौधा लगाते हुए छैना राम जी, मैं, अंजू जी, नीलम जी

मेडिकल टैस्ट के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा करते हुए यात्रीगण 
 
कैंप से हेलीकाप्टर की फोटो ली गई 


कपडे धोते हुए 

शाम को गुंजी गाँव से ली गई फोटो 





मंदिर के अंदर 
 

Saturday, 8 August 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ---नवाँ दिन--बुधी से गुंजी (छियालेख, गर्बियांग)

गुंजी की ऊँचाई 3160 मीटर
 
कुल रास्ता : - 19 कि.मी  पैदल 
समय      : -  7.30 घंटे 

बाकी दिनों की तरह सुबह 4.00 बजे नींद खुल गई। नित्यक्रिया से निवृत हो यात्रा में प्रस्थान के लिए तैयार हुआ। लगभग 5.30 बजे हम सभी ने शिव स्तुति एवं ‘ओम नमः शिवाय का उद्घोष कर सबने आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान किया। बुधी से सामने के पर्वत-श्रंखला के साथ अन्नपूर्णा पर्वत और चोटी बड़े ही मनोहारी लग रहे थे।

पथरीली सीढ़ीदार चढ़ाई काफी जोखिम एवं थकाने वाली होती है। और हमे ऐसे ही 3 कि.मी. की चढ़ाई चढ़नी थी। खड़ी चढ़ाई समाप्त होने पर हम लोग छिया लेख के समतल घाटी में पहुच गए। छिया लेख 3350 मी. की उचाई पर है वहां पर हमने नाश्ता किया और चाय पी कर छियालेख के गहरे हरे मैदान को निहारते हुए आगे बढे। घाटी में आगे चेक पोस्ट था जहां पर हम लोगों का पासपोर्ट तथा पोनी पोर्टर का अनुमति पत्र चेक किया गया। अपने पासपोर्ट को दिखा कर, हस्ताक्षर करवा कर हम आगे बढ़ गये। छियालेख घाटी में विभिन्न रंगों के फुल  खिले हुए थे। रंग बिरंगे फूलों के कारण छियालेख को फूलों की घाटी भी कहते हैं।

मैं तेजी से छियालेख घाटी  को पार कर के एल.ओ साहिब से आगे निकला, तभी पीछे से हमारे एल.ओ साहिब ने मुझे आवाज दे कर कहा कहाँ भागे जा रहे हो सुशील, जल्दी पहुँच कर कोई अवार्ड नहीं मिलना प्रकृति को निहारते हुए आराम से जाओ। उन की बात को गाँठ बाँध लिया गया और आस पास के नज़ारे देखते हुए आराम से चला गया। 

यात्रा के 4 कि.मी के बाद पहाड़ी गांव गर्बियांग पहुंचे। जमीन में धंसता यह गांव, अपनी हस्ती को लगातार खो रहा है।  हालांकि, बीती दो सदी में भी कैलास—मानसरोवर के प्राचीन यात्रियों के लिए भी यह गांव बहुत महत्वपूर्ण रहा है। यहीं से वे आगे के सफर के लिए राशन जुटाते थे, पोर्टर का प्रबंध किया करते थे और घोड़े-खच्चरों का इंतज़ाम भी यह गाँव कर देता था। 

यहाँ के घरों के दरवाजे नक्काशीदार थे। बताया गया कि इस गांव से काफी लोग बाहर जाकर पढ़े लिखे हैं जिसमें से कुछ लोग भारतीय प्रशासकीय सेवा में भी है। आगे का रास्ता गार्बियांग बस्ती के बीच से हो कर जाता है। गार्बियांग को धसते हुए गावं के रूप में भी जाना जाता है।

गर्बियांग से गुंजी कैंप 12 कि.मी है। गांव के बाहर आईटीबीपी कैम्प है, जहां सभी यात्री पहुंच कर अपना-अपना पासपोर्ट पुनः चेक करवा रहे थे। इसी समय कैलाश मानसरोवर परिक्रमा पूर्ण कर यात्रियों का दल  (दूसरा दल)वापस वही पर आकर अपना-अपना पासपोर्ट चेक करवा रहे थे। उनसे यात्रा, कठिनाई, मौसम, स्वास्थ्य के बारे में हमारे समुह के यात्रीगण पूछताछ कर रहे थे।

आईटीबीपी कैम्प से आगे बढ़ने पर रास्ते में एक झोपड़ी नुमा एक होटल में दोपहर भोजन की व्यवस्था थी। सभी यात्री वहां पहुंचकर भोजन कर रहे थे। भोजन करने के बाद यात्री क्रमशः रवाना हो रहे थे। चारों और प्रकृतिक सौंदर्य फैला हुआ था। सभी यात्रिओ में प्रकृति के सौंदर्य हो कैमरे में भरने की होड़ से थी।

लगभग दोपहर 1.00 बजे गुंजी कैम्प के पूर्व  दो नदियों का संगम आया। थोड़ी दूर चलने पर सामने आदि कैलाश के दर्शन हो रहे थे। आदि कैलाश भारत में ही है। यहाँ भी लोग दर्शन हेतु और प्रकृति को निहारने जाते हैं। नदी उल्टी दिशा में बहती हुई साथ दे रही थी।नदी के उस पार आईटीबीपी का कैंप गुंजी स्पष्ट दिखाई दे रहा था। थोड़ी देर चलने पर गूंजी ग्राम आ गया और हम  नदी में बने पुल को पार कर  नदी के किनारे चलते हुए ऊपर चढ़ाई करते हुए समतल मैदान में पहुंचे जहा आईटीबीपी का कैम्प है। कैम्प के बाजू में ही कु.म.वि.नि. के द्वारा यात्रियों के लिए कैंप था। हम करीब 1 बजे पहुंचे थे।

गुंजी कैंप बहुत बड़ा है। इस के साथ ही I.T.B.P  का कैंप है। दोनों ओर ठहरने के लिए डोम बने है तो बीच में सुंदर क्यारियाँ। बहुत साफ़-स्वच्छ, हमारा कमरा फाइबर का डोम नहीं था, बल्कि टीन शेड वाला अच्छा-खासा कमरा था जिसके आगे पीछे बरांडे थे, एक पंक्ति में ऐसे ही कमरे थे जिसमें लकड़ी के छः तख्तों पर बिस्तर लगे हुए थे, सामने सब अर्धवृत्ताकर फ़ाइबर के शेड वाले डोम थे।

हमारे दल के जो यात्री पहले पहुँच गए थे वह सब आराम कर रहे थे। मैं भी वहां पहुँच कर बिस्तर पर लेट गया। 
आराम करने के बाद I .T .B .P  का कैंप में घूम कर आये।  गुंजी में जवानों ने एक छोटा सा मंदिर भी बना रखा है। शाम को कुछ यात्री मंदिर में भजन कीर्तन में शामिल होने चले गए।  मैं अपने कैंप में रहा। हमारे कैंप में फ़ोन की भी व्यवस्था थी, लेकिन यहाँ पर कॉल बहुत महंगी थी।  तभी कोचर जी ने मेरे को बताया तुम I.T.B.P के यहाँ से फ़ोन कर लो वहां कॉल बहुत ही सस्ती है। मैं और कोचर जी ने वहां जा कर घर फ़ोन किया।   

गुंजी पहुँचकर सभी यात्री रिलेक्स्ड महसूस रहे थे, क्योंकि कल भी पूरे दिन यहीं रुकना था। रात को भोजन-कक्ष में एल.ओ साहिब ने  सभी से अपनी-अपनी मेडिकल-जाँच रिपोर्ट की फ़ाइल(जो दिल्ली में अस्पताल से मिली थी) बाहर रखने और सुबह नाश्ता करके अपने अपने ग्रुपके साथ आई.टी.बी.पी. के प्रांगण में चलने के लिए तैयार रहने को कहा।  इस के बाद सब यात्री  खाना खाने लगे।  भोजन बहुत ही स्वादिष्ट था। सभी ने कु.म.वि.नि. के कर्मचारियों की प्रशंसा की और धन्यवाद दिया। सच में बहुत ही स्नेह और आदर  के साथ वे लोग खाना खिलाते और सेवा करते थे। हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे।


इस यात्रा को आरम्भ से पढने के लिये यहाँ क्लिक करें।
 
   

गुंजी कैंप में एक छोटे से मंदिर के बाहर लगा भोले बाबा का त्रिशूल 
बुधी से चलते हुए सुबह के समय 


छियालेख तक ऐसा ही रास्ता है 


रास्ते के सुंदर दृश्य 



छियालेख में हमारे एल.ओ


छियालेख की सुन्दरता 



छियालेख घाटी को पार करते हुए 




मनोहर दृश्य 


गर्बियांग गाँव से गुजरते हुए 




सामने होटल में हमारे दोपहर के भोजन का प्रबन्ध था। 



दोपहर का भोजन करते हुए यात्रीगण 




दो नदियों का संगम 


नदी के दूसरी तरफ गुंजी कैंप का दृश्य 


आदि कैलाश ज़ूम कर  लिया गया फोटो 


दूर सामने आदि कैलाश के दर्शन 


गूंजी ग्राम के पुल को पर करते ही मनोरम दृश्य