Pages

Tuesday, 8 September 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ----चौदहवाँ दिन - तकलाकोट से दारचेन


दारचेन की ऊँचाई - 4670 मीटर

 

कुल रास्ता : - 130 कि.मी  बस से 
समय      : -  7.30 घंटे 
 
आज 5 बजे सुबह उठकर तैयार हुए। 6 बजे नाश्ता के लिए डायनिंग हॉल गए। चाबी हम लोगो ने काउंटर पे जमा कर दी। शिव स्तुति और जयकारे के बाद हम सभी 7 बजे बस में चढ़ गये । सभी को खिड़की वाली सीट चाहिए थी।  कोचर जी और वर्मा जी ने मेरे लिए पहले से ही  ड्राइवर के बिल्कुल पीछे वाली सीट बुक कर दी थी। तिब्बत में ड्राइवर की सीट बायीं ओर होती है जबकि हमारे यहाँ दायीं ओर। बस आरामदायक थी।

यह फोटो होटल के फोटो फ्रेम से खींचा गया है। 
 
बस तकलाकोट से निकलकर खेतों और करनाली नदी के किनारे पहाड़ी रास्तो की चढाई चढ़ते हुए चल रही थी। सड़क पक्की थी और ट्रैफिक बहुत कम था। कभी कभी कोई गाड़ी दिख जाते थी। निर्जन, वीरान एवं बंजर भूमि हल्की पहाड़ी तथा सपाट मैदान से होकर हमारी बस जा रही थी। दूर-दूर तक हरियाली नजर नही आ रही थी। तिब्बत के पठार का नज़ारा कम सुंदर नहीं था। ऊपर सफ़ेद बर्फ़ से ढ़की चोटियाँ तो नीचे मटमैले पठारों की चोटियों हम तिब्बत की प्राकृति को निहारते चले जा रहे थे। निर्जन सड़क पर चलते-चलते कभी-कभी भेड़ों के झुंड मिल जाते थे। ड्राइवर ने बस में चीनी गीत बजा रखे थे, जिनके बोल हमें बिलकुल समझ नहीं आ रहे थे पर संगीत की मधुरता तो सचमुच डुबोने वाली थी। पीछे कुछ यात्री स्वयं भी कीर्तन कर रहे थे।

लगभग 8.30  बजे हमारी बस एवं जीप एक बड़ी सी झील के किनारे जाकर रूक गई । गुरु ने सभी से नीचे उतरने का आग्रह किया। हम सभी यात्री नीचे उतरे, बस से नीचे उतरते ही तेज ठण्डी हवा महसूस हुई। झील काफी नीचे थी। इस झील का नाम राक्षसताल बताया गया, जैसे ही हम ने झील को देखा तो  झील नीलमणि सी चमकती कोई चीज लग रही थी। उसका सौंदर्य मूक कर रहा था। हम देख रहे थे पर शब्द न सूझ रहे थे। हम सभी यात्री इस सुन्दर झील के फोटो खीचने में मग्न हो गए। मेरे ख्याल से  निर्मल नील नीर वाली राक्षस-ताल का सौंदर्य शायद दुनिया की सुंदरतम झीलों में आँका जाता होगा। वहाँ कहीं-कहीं पुराने कपड़े भी पड़े थे, शायद लामा लोग या बौद्ध तीर्थयात्री फेंक जाते होंगे।
 
 
मान्यता है कि रावण द्वारा इसी झील के किनारे बैठकर भगवान शिव की कठिन तपस्या किया गया है। इसलिए इस झील को ‘‘रावण ताल” या “राक्षसताल” भी कहते हैं। रावण के कारण राक्षस-ताल अभिशप्त मानी गयी है। किंवदंतियों में इसके जल को विषैला बताया गया है, इसलिए इसके जल का स्पर्श वर्जित माना गया है। पक्षी भी इस का जल नहीं पीते और ना ही इस झील में कोई जीव जन्तु निवास करते हैं। 

राक्षसताल झील के बारे में

राक्षसताल तिब्बत में एक झील है जो मानसरोवर और कैलाश पर्वत के पास, उनसे पश्चिम में स्थित है। सतलुज नदी राक्षसतल के उत्तरी छोर से शुरु होती है। पवित्र मानसरोवर और कैलाश के इतना पास होने के बावजूद राक्षसताल हिन्दुओं और बौद्ध-धर्मियों द्वारा पवित्र या पूजनीय नहीं मानी जाती। इसे तिब्बती भाषा में लग्नगर त्सो (ལག་ངར་མཚོ།) कहते हैं। प्रशासनिक रूप से यह तिब्बत के न्गारी विभाग में भारत की सीमा के पास स्थित है।राक्षस ताल लगभग 225 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र, 84 किलोमीटर परिधि तथा 150 फुट गहरे में फैला है। इस झील के तट पर राक्षसों के राजा रावण ने शिव की आराधना की थी। इसलिए इसे राक्षस ताल या रावणहृद भी कहते हैं। एक छोटी नदी गंगा-चू दोनों झीलों को जोड़ती है। जहाँ मानसरोवर का पानी मीठा है, वहाँ राक्षस ताल का खारा है। मानसरोवर में मछलियों और जलीय पौधों की भरमार है, जबकि राक्षस ताल के खारे पानी में यह नहीं पनप पाते। स्थानीय तिब्बती लोग इसके पानी को विषेला मानते हैं। मानसरोवर गोल है और इसे सूरज का और दिन की रौशनी का प्रतीक माना जाता है जबकि राक्षसताल के आकार की तुलना अर्धचंद्र से की जाती है और इसे रात्रि का और अंधेरे का प्रतीक माना जाता है। 

यहाँ से कैलाश पर्वत के पहले दर्शन होते हैं, परन्तु बादलों में छुपे होने के कारण हमें दर्शन का सुख प्राप्त नहीं हुआ था। एक घंटा राक्षस ताल पर बिताने के बाद हमारी बस चल पड़ी और थोड़ी देर में बस मानसरोवर झील के किनारे जा कर रुकी। मानसरोवर के पानी में सूरज की किरणे पड़ रही थी जिससे वह चमकीला दिखाई पड़ रहा था ऐसा लग रहा था जैसे तारे मानसरोवर झील में टिमटिमा रहे हो।  यात्रीगण बस से उत्तर कर मानसरोवर झील के दर्शन करने लगे।  कई यात्री इस पावन झील में स्नान करने लगे और कुछ यात्रीगण पूजा अर्चना करने लगे।  झील के पास ही पुलिस चौंकी भी थी। मानसरोवर के किनारे-किनारे दूर में हिमाच्छाादित लंबा पर्वत श्रृखंला लगातार दिखाई दे रहा था।

लगभग आधा घटें के बाद हम लोगो ने दारचेन शहर के लिए प्रस्थान किया। एक बात और यहाँ इतनी ऊंचाई पर सड़के शानदार बनी हुई हैं। दारचेन के रास्ते में हिमालय में अनेक हिमाच्छिदत छोटे-छोटे पर्वत दिखाई दिए। दारचेन कैलाश परिक्रमा का बेस कैंप है हमें शहर के बाहर रोक गया, बस और सामान चेक हुआ और हम लोगो ने शहर में प्रवेश किया।

लगभग 11.30 बजे हम लोग दारचेन पहुंचे। हमारी बस बांऊण्ड्रीवाल से घिरे हुए भवन के पास जाकर रुकी। कैलाश यात्रियों को इसी गेस्ट हाऊस में रूकवाया जाता है। बस के रूकते ही हम लोग अपना-अपना लगेज उतार कर गेस्ट हाऊस में दाखिल हुए। गेस्ट हाउस के सभी कमरे में प्रायः 4-4 बेड लगे हुए थे।  बस से उतरते ही तिब्बती महिलाएँ अपनी पारंपरिक वेशभूषा में भागकर हमारे कमरों तक आ गयीं और मोती/स्टोन की बनी मालाएँ और अन्य आभूषण बेचने हेतु प्रदर्शित करने लगीं। लोगो ने जम कर खरीदारी की । सभी सामानों के भाव में मोल-तोल बहुत किया जा रहा था।

 
1.30 बजे भोजन तैयार होने की सूचना पर भोजन हेतु गए। शाम को 3 बजे दारचेन के स्थानीय बाजार घुमने गए। प्रायः सभी दुकानों के मालिक तिब्बती महिला ही थी। खाने-पीने के सामान के अलावा अन्य सभी सामानों के भाव में मोल-तोल बहुत किया जा रहा था। अंजू जी और hyma जी ने मुझे मालाएँ खरीदने में मेरी सहायता की। आसमान से कोहरा छटने पर दूर पहाड़ों के बीच में शाम को लगभग 5 बजे गेस्ट हाऊस से कैलाश पर्वत के दर्शन हुए। सभी यात्रियों ने कैलाश पर्वत के दर्शन किये। रात्रि भोजन के बाद हम लोग सोने चले गये।
 
दारचेन के बारे में। 

Darchen (Tarchan या Taqin) एक छोटा सा शहर है। यह शहर पवित्र कैलाश पर्वत के बिलकुल सामने हैं। इसकी ऊंचाई 4670 मीटर (15,310 फीट) है और यह कैलाश कोरा का शुरुआती बिंदु है। दारचेन एक तरह से कैलाश और मानसरोवर लेक की प्रक्रिमा में आधार शिविर का काम करता है। दारचेन पहले Lhara के रूप में जाना जाता था। यह पहले भेड़ बकरी चराने वाले  खानाबदोशों का एक महत्वपूर्ण स्टेशन था और यहाँ पर दो ही स्थाई भवन थे। इन में से केवल एक सांस्कृतिक क्रांति बच गया और अब तिब्बती तीर्थयात्रियों इस का  प्रयोग करतें हैं। 
दारचेन जबकि पूरी तरह से एक तिब्बती शहर है लेकिन अब अधिक से अधिक चीनी यहाँ आ कर बस गए हैं और उन्होने अपने होटल और रेस्तरां खोल लिए हैं। 


तकलाकोट होटल में रिसेप्शनिस्ट और उस का बेटा 

होटल के बाहर खड़ी कार 


रास्ते के सुन्दर दृश्य 


चलती बस से खीचें गए फोटो 

चलती बस से खीचें गए फोटो 

चलती बस से खीचें गए फोटो 

चलती बस से खीचें गए फोटो 

चलती बस से खीचें गए फोटो 


राक्षस ताल का सुन्दर दृश्य 

राक्षस ताल 



सुन्दर राक्षस ताल के सामने मैं 



राक्षस ताल के पास खड़ी हमारी बसें 


राक्षस ताल के बारे में जानकारी देता बोर्ड 

राक्षस ताल के पास कड़ी कार 


तकलाकोट से दारचेन तक का हमारा सफर और राक्षस ताल और मानसरोवर लेक का गूगल मैप से लिया चित्र 

चलती बस से खीचें गए फोटो 

चलती बस से खीचें गए फोटो 

चलती बस से खीचें गए फोटो 



मानसरोवर लेक में सूरज की किरणे चमकती हुई 


मानसरोवर लेक के सामने 






यात्रीगण मानसरोवर लेक में स्नान और ध्यान लगाते हुए 

मानसरोवर लेक में बतख 





चलती बस से खीचें गए फोटो 




चलती बस से खीचें गए फोटो 

दूर दारचेन क़स्बा 


दारचेन में ये सामान होटल में  बेचते हुए 

सामान बेचने आई तिब्बती महिला 


कैलाश के प्रथम दर्शन 

दारचेन मार्किट 

दारचेन मार्किट 








Sunday, 6 September 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ---तेरहवाँ दिन-----तकलाकोट में

 

एक दिन तकलाकोट में
 
तकलाकोट की ऊँचाई लगभा 4050 मीटर

सुबह आराम से सोकर उठे। 8.00 बजे नाश्ता के लिये बुलाया गया। हम लोग नाश्ता के लिए डायनिंग हॉल में पहुंचे। जिस किसी को युआन की जरुरत थी सभी ने एक यात्री अनिरुद्ध भाई को बता दिया और अनिरुद्ध भाई हमारे गाइड गुरु के साथ बैंक में चले गए  युआन लेने।  नाश्ता कर के हम बाजार घूमने चल दिए।  सड़क के दोनो किनारे पर दुकाने बनी हुई है, सभी दुकानों में चीन भाषा में र्बोड लगे हुए है। सभी दैनिक वस्तुओं की दुकानो के अलावा मटन मांस/विदेशी शराब के दुकान भी देखने को मिली। छोटी छोटी दुकानें भी देखने को मिली जहां पर केवल चीनी सामान ही दिखें। वही पर हम एक स्टोर में गए।  वहां की दूकानदार तिब्बती थी।  वार्तालाप की प्रोबलम थी, वे न तो हिंदी जानतीं थीं और न अंग्रेजी और न हम चीनी भाषा। हम सामान उठाकर दिखाते और वो केल्कुलेटर पर अंक लिख देतीं,इतने युआन क़ीमत! हम बार्गेनिंग करते और केलकुलेटर पर अपनी पसंद के अंक लिख देते।  हम ने कुछ एनर्जी -ड्रिंक्स और फल खरीदे। हवा बहुत रूखी और तेज थी।  बाजार में हमें बैंक दिखा और हम बैंक में चले गए जहाँ अनिरुद्ध  और गुरु युआन ले रहे थे।  बाज़ार में ज़्यादा बड़े शॉरूम के अलावा छोटी दुकानें भी थीं। घूमते-घूमते हम काफ़ी दूर चले गए। आगे जाकर नेपाली मार्केट था, जहाँ जैकेट, स्वेटर, शॉल, स्कार्फ़ इत्यादि की दुकानें थीं। वे सामान खरीदने पर युआन के अलावा रुपए भी ले रहे थे। चीन में खाने का इंतजाम हमें अपना करना होता है  इस लिए फ़ूड कमेटी ने आनेवाले दिनों के लिए काफ़ी सारी सब्जी खरीदीं।

आगे की यात्रा के बाद हमें यहीं वापिस आना था। सो ज़रुरी सामान ही आगे ले जाने की सलाह देते हुए फालतू सामान को एक साथ एक बोरे में भरकर अपने दल का न० लिखकर गाइड को सौंपने को कहा। आगे के लिए पोनी और पोर्टर के लिये फाइनेंस कमेटी के पास युआन जमा करने को कहा गया। पोनी के लिए 1050 (10500 रुपए) युआन और पोर्टर के लिए 360 (3600 रुपए) युआन तय थे। मैंने सिर्फ पोनी  लेने का निर्णय लिया और युआन जमा करा दिए।
 
कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान चीन सरकार द्वारा यात्रियों को रूकने की व्यवस्था, तथा खाना बनाने हेतु बर्तन व गैस सहित चुल्हा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। भोजन सामग्री एवं रसोईया का इंतजाम यात्रियों को स्वयं करना होता है, इसलिए तकलाकोट से दो रसोईया का सामूहिक व्यय पर इंतजाम किया गया। दिल्ली से यात्रा में रवाना होने के पूर्व हम ने  यात्रियों के लिए 10 दिन का राशन सामग्री एवं दो बैग मेडिकल कीट दिल्ली के पंजीकृत संस्था कैलाश मानसरोवर यात्रा समिति द्वारा प्रदाय किया गया था। 

तीर्थयात्रा के तिब्बत-प्रवास में चीन सरकार द्वारा तीर्थ यात्रियों को किसी भी प्रकार की मेडिकल सहायता प्रदान नहीं की जाती। ना ही तीर्थयात्रियों को वहां पर किसी पब और डिस्को में जाने की इजाजत होती है।  दिल्ली और गुंजी से ही डॉ. ने हमें संभावित परेशानियों को ध्यान में रखकर दवाइयाँ इत्यादि अन्य सामान रखने की सलाह दे दी थी। हम उन पर ही आश्रित थे। सच तो यह है कि हमें हमारे गाइड गुरु द्वारा इतना डरा दिया गया था कि मैं तो बाहर मार्किट की फोटो खीचते हुए भी डर रहा था। ऐसा डर था कि कही गलती से सरकारी इमारत की फोटो ना खीच जाये।  

शाम को हमने सामान पैक किया और रात्रि के भोजन के दौरान रघु जी ने (जो दूसरी बार यह यात्रा कर रहे हैं।) एक मैप बना कर हमें आगे की यात्रा के बारे में बताया। इस के बाद निद्रा की गोद में चले गये।
 
तकलाकोट के बारे में


तकलाकोट (Taklakot), जिसे  तिब्बती  में पुरंग (སྤུ་ཧྲེང་རྫོང་, Purang Town) और चीनी में बुरंग (普蘭鎮, Burang Town) कहते हैं, पुरंग तिब्बत का एक जिला है जो उस देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में भारत और नेपाल  की सीमा के साथ स्थित है। तिब्बत पर चीन  का क़ब्ज़ा होने के बाद यह चीनी प्रशासनिक प्रणाली में तिब्बत स्वशासित प्रदेश के न्यगारी विभाग में पड़ता है। पुरंग शहर को भारतीय और नेपाली लोग तकलाकोट के नाम से जानते आएँ हैं।यह भारत, तिब्बत और नेपाल  के बीच में एक महत्वपूर्ण व्यापारिक और सांस्कृतिक केन्द्र भी रहा है। कैलाश और मानसरोवर  के तीर्थों को जाते हुए हिन्दू और बौद्ध तीर्थयात्री अक्सर तकलाकोट से गुज़रकर जाते रहे हैं। लगभग 4050 मीटर की ऊँचाई पर स्थित यह शहर कैलाश पर्वत से दक्षिण में घाघरा नदी (जिसे कर्णाली नदी और मापछु खमबाब के नामों से भी जाना जाता है) की घाटी में बसा हुआ है।  इस की आबादी 73000 के लगभग है।

 
अगले भाग में मानसरोवर लेक और कैलाश के प्रथम दर्शन होगें।



यह फोटो होटल में लगे फोटो फ्रेम से खीचीं गई है। 

होटल में जाने का रास्ता 



रघु जी, अभिषेक और मैं 


यह फोटो होटल में लगे फोटो फ्रेम से खीचीं गई है। 


यह फोटो होटल में लगे फोटो फ्रेम से खीचीं गई है। 

यह फोटो होटल में लगे फोटो फ्रेम से खीचीं गई है। 

रघु जी द्वारा मैप बना कर आगे के रास्ते के बारे बताते हुए 

फाइनेंस कमेटी युआन कलेक्ट करती हुई। 
 
 
 

Saturday, 22 August 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा ---बारहवाँ दिन :- नवींढांग से लिपुलेख, तकलाकोट

 
लिपुलेख  की ऊँचाई 5334 मीटर (17500 फ़ीट)

कुल रास्ता : - 9 कि.मी  पैदल
समय      : -  5.30 घंटे लगभग 

सुबह डेढ़ बजे चाय आ गयी। ठंड इतनी कि रजाई में से मुँह निकालने का जी न था, पर उठना तो था, सो सभी यात्रियों ने एकदम बिस्तर छोड़ दिया। दैनिकचर्या के साथ तैयार होने लगे। कु.मं. के कर्मचारियों की कर्तव्यपरायणता का तो जबाव ही न था उन्होंने यात्रियों के उठने से पहले ही गर्म पानी कर दिया था। सभी ने गर्म पानी से हाथ-मुंह धोए। 

इनर  से लेकर विंड-चीटर तक पाँच लेअर्स में कपड़े, हाथ-पैरों में डबल गल्व्ज़ और जुराबें, सिर पर मंकी कैप ले ली गई। सभी ने शिव स्तुति की, भोलेनाथ के जयकारे लगाये और अपने दिलो में कैलाश दर्शन लिए ढाई बजे पैदल चलने वालो ने कदम बड़ा दिए। मेरा पोर्टर भी आ गया था। वह अपने साथ आज घोडा ले कर आया मेरे पूछने पर बताया कि ये घोडा उस के चाचा का है।

सभी यात्री एक हाथ में लाठी एवं दूसरे हाथ में बड़ा टार्च लेकर चल रहे है। ऐसा लग रहा है जैसे रात में मशाल जूलूस निकला हो। पूरी यात्रा में बस इसी पल के फोटो नहीं निकाल सका। अंधेरे में माइनस टेम्प्रेचर में  हवा के झोंकों के बीच जूतों और बेंतों की टक-टक, नाक की सूं-सूं सुनसान दर्रे को गुंजित कर रही थी। दूर ऊँचाई पर टॉर्च की रोशनी ऊपर-नीचे चलने के कारण हिलाते हुए आगे बढ़ते तीर्थ-यात्री मानों पैदल स्वर्ग जा रहे हो। :-)
उस दिन जवान और दो डॉक्टर्स मैडिकल-इक्यूपमेंट्स, ऑक्सीज़न-सिलेंडर्स और दो पोर्टेबल- स्ट्रेचर के साथ यात्रियों के बिलकुल साथ-साथ चल रहे थे। किसी को कोई परेशानी न हो हर पल का ध्यान रख रहे थे। बार-बार हाल पूंछते हौंसला बढ़ाते साथ चल रहे थे।
 
चलते-चलते कुछ दूरी पर एक टूटे से चबूतरे के पास हम लोग रुके और पीछे रह गए साथियो का इंतज़ार किया। इतनी देर में घोड़े वाले यात्री भी हमारे साथ आ मिले।  घोड़े पर  बड़ा ही सचेत हो कर बैठना पड़ता था।  रात में घोड़े पर नींद बहुत आती है और गिरने की पूरी सम्भावना होती है। जैसे-जैसे आगे बढ़ते जा रहे थे ठंड और हवा दोनों बढ़ती जा रही थी और सांस फूलने की वजह से रूक-रूककर पैदल चलना कठिन होता जा रहा था। मेरे पोर्टर ने मुझे घोड़े पर बैठने के लिए कहा पर मैंने उसे मना कर दिया लेकिन बॉर्डर से 2 km पहले मुझे घोड़े पर बैठना पड़ा।

हम लिपु बॉर्डर से आधा कि.मी.पहले रुक गए। यही पर हमें पैदल यात्रियों का इंतज़ार करना था। समय काटना कठिन हो रहा था। नींद से आँखे बोझिल हो रही थी। पहाड़ों पर जल्दी दिन निकल आता है। आसपास पौ फटनी शुरु हो गयी। धीरे-धीरे धुंधलका कम होने लगा था। अब सब साफ़ दिखने लगा था। जैसे ही दिन निकला फोटो खींचने शुरू कर दिए गए। पैदल यात्री धीरे धीरे आ रहे थे। धीरे धीरे हम लोगो बॉर्डर की तरफ चलना शुरू किया। 7 बजे तक हम बॉर्डर पर थे। पहाड़ियों पर लगे झंडे सीमा बना रहे थे, वरना पता भी नहीं चल रह था कि कौन सी हद से कौन सा देश शुरु होता है। सब एक सा …मनुष्य सीमा बनाता है पहाड़ और धरती नहीं। सब चीनी अधिकारीयों का इंतज़ार कर रहे थे। सौभाग्य से आज ज़्यादा तेज हवा नहीं थी।

लिपुलेख दर्रा के बारे में 

लिपुलेख ला या लिपुलेख दर्रा हिमालय का एक पहाड़ी दर्रा है जो नेपालके दारचुला जिल्ले को तिब्बत के तकलाकोट (पुरंग) शहर से जोड़ता है। यह प्राचीनकाल से व्यापारियों और तीर्थयात्रियों द्वारा भारत ,नेपालऔर तिब्बत के बीच आने-जाने के लिये प्रयोग किया जा रहा है। यह दर्रा भारत से कैलाश पर्वत व मानसरोवर जाने वाले यात्रियों द्वारा विशेष रूप से इस्तेमाल होता है। 

सीमा पर जवानों का जमावड़ा था। हमारी ओर हमारे सशस्त्र जवान जमे हुए थे। हम वही पत्थर की शिलाओं पर बड़ी मुश्किल से संतुलन बनाकर बैठ गए।  हमारे साथ चल रहे पोनी एवं पोर्टर यही पर रूक गये। उन्हे उन की पेमेंट का आधा  भुगतान किया  गया एवं यात्रा से वापसी पर पुनः आने को कहकर मैंने अपने पोर्टर से बैग ले लिया। तिब्बत की सीमा रेखा के अंदर जाने तक आईटीबीपी के जवान हमारे साथ थे। चीनी अधिकारी ऊपर नहीं आये। हम लोगो ने अब बॉर्डर पार कर चीन -अधिकृत तिब्बत में प्रवेश किया। जब तक हम सब तिब्बत की सीमा में प्रवेश किए वे सब वहीं खड़े किसी न किसी रुप में हम सब की मदद करते रहे। हमें भी उनसे विदा लेना द्रवित कर रहा था। हम सब उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए यात्रा पूरी करके पुनः मिलने की इच्छा लिए आगे बढ गए। वे भी भावभिवोर होकर हाथ हिलाते हुए विदा कर रहे थे …  जब हम सीमा क्रॉस कर रहे थे तो कुछ जवान कहते सुने गए ’अब हम याद आएँगे।’ सच जैसे ही सीमा छोड़ी अपने को अकेला महसूस किया। न सिपाही थे न पोनी-पोर्टर। कोई मददगार नहीं। कोई राह दिखाने वाला नहीं।
 
चीनी सीमा में यात्रा एकदम ढ़लान वाला है। रास्ता पूर्णताः पथरीला हैं, पेड़-पौधे आदि का नामो निशान नही है। बंजर पथरीला संकरा ढ़लान है, चीन साइड में बर्फ थी। बर्फ पर चलना काफी मुश्किल होता है। यात्रियों के पैर स्लिप हो रहे थे। मैंने बड़ी मुश्किल से उस  चीन साइड के बर्फीले रास्ते और ग्लेशियर को पार किया। ग्लेशियर पार करते ही वहाँ पर जीप खड़ी थी। जो यात्रियों को बैठा कर 3 km नीचे हमारी बस तक पहुँचाने के लिए खड़े थे। लेकिन मैंने , एल.ओ साहिब और छैना राम जी ने वो तीन km पैदल पार कर किये।  

सभी यात्री भोले की जय बोलते हुए फिसलते-लुड़कते हुए  चलकर जहाँ हमें लेने आयी बस खड़ी थी वहाँ पहुंचे, वहाँ चीनी अधिकारी मौजूद थे चीनी अधिकारी अपनी लिस्ट से एक एक का नाम बोलकर बुला रहे थे और नाम और पासपोर्ट के साथ चेहरा चहेरे को मिला कर टिक कर रहे थे। सामान्यतय यह प्रक्रिया ऊपर लिपु बॉर्डर पर होती है। यही पर हमारे गाइड 
 जिसका नाम गुरु था ने अपनी सहयोगी डिक्की  का परिचय दिया और बताया कि हम कस्टम-चैकिंग के लिए जा रहे थे। यात्री-गणना के पश्चात बस चल पड़ी।

हम लोग बस से चीन के निकटम शहर तकलाकोट (पुरंग) के लिए रवाना हुए, मिट्टी के पहाड़ी-पठारी-मार्ग पर चढती उतरती धूल उड़ाती बस में बैठकर सुबह से थका शरीर बहुत कष्ट महसूस कर रहा था। 
बस बॉर्डर के मिलट्री-एरिया से गुज़र रही थी सो गुरु ने फोटो बिलकुल न लेने और कैमरे बंद रखने की हिदायत दी। बस बॉर्डर के मिलट्री-एरिया से गुजरते हुए तकलाकोट में प्रवेश किये। बस तकलाकोट के कस्ट्म ऑफ़िस में दाख़िल हुयी हम सभी उतर कर कस्टम ऑफिस में अंदर गए। हमने इमीग्रेशन फार्म भरा, फिर लाइन में लगकर अंदर गए जहाँ सामने दीवार पर इन्फ़्रा-रेड कैमरा लगा था, सभी का टेंप्रेचर रिकॉर्ड हो रहा था। बैल्ट-पाऊच और हैंडबैग्स भी एक्सरे मशीन से गुजारे और सारी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए हम बस में आ कर बैठ गए।

पुनः बस में बैठकर तकलाकोट शहर में पुरंग गेस्ट-हाऊस की ओर चल पड़े। यहाँ नए और पुराने ब्लॉक में यात्रियों को रुकाया गया था। नया ब्लॉक कही ज़्यादा बेहतर था, हमे पुराना ब्लॉक मिला पुराना ब्लॉक ज़्यादा साफ़ नहीं था। परन्तु टीवी, गीज़र लगा हुआ था। हमारा सामान भी आ गया था। उसे उठा कर अपने कमरे में लाये और किसी तरह फ्रेश और स्नान कर के हम लोग तैयार हुए तो खाने का समय हो गया। 

हम लोग भोजन-कक्ष में पहुँच गए। बड़ा सा हॉल जिसमें सात बड़ी गोल मेज लगीं थीं और चारों ओर कुर्सियाँ लगीं थी। सामने किचन का दरवाज़ा था। जहाँ एक मेज पर उबले चावल और बंदगोभी गाजर की सब्जी, और भी एक २ सब्जिया थी। पास में ही खाली बाऊल, प्लेटें और चम्मच थे। भोजन सामान्य और ठीक था, चीन साइड में जो उम्मीद की थे उस से ज़्यादा ही था। भोजन से पहले हमारे गाइड गुरु  ने हमें आगे की यात्रा के बारे में बताया। कुछ यात्रियों ने गुरु की बातों को अनसुना सा कर दिया। हमें 801 डॉलर चीन सरकार को देने थे। फाइनेंस कमेटी के पास सभी ने डॉलर जमा करवा दिए। जिन यात्रियों पास चीन करेंसी युआन नहीं थी, उस के लिए गुरु ने अगले दिन सुबह बैंक चलने के लिए बोला।  

खाना खा कर थोड़ा आराम कर के मार्किट घूमने चले गए शाम हो गयी थी। 

  
 
इस यात्रा को आरम्भ से पढने के लिये यहाँ क्लिक करें। 
 

 
 



लिपुलेख से 1 km पहले 


लिपुलेख से 1 km पहले 


लिपुलेख से 1 km पहले 







मैं और मेरा पोर्टर 








कोचर जी और वर्मा जी 


लिपुलेख से शानदार नजारा 


बॉर्डर, बाईं तरफ भारत दाईं तरफ चीन 


बॉर्डर पार कर के ग्लेशियर पार करते हुए 


बॉर्डर पार कर के ग्लेशियर पार करते हुए 


दूर हमारी बस खड़ी हुई और पैदल जाते हुए यात्री 


तकलाकोट में हमारा होटल