Pages

Saturday, 10 October 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा---बीसवाँ दिन ----तकलाकोट से गुंजी



कुल रास्ता : -  15 कि.मी  बस से + 26  कि.मी. पैदल 
 

 
आज हमें अपने देश, अपनी धरती पर वापस जाना था। भारतीय समय के अनुसार हम 3:30 बजे उठ गए, दैनिक नित्य कर्म से निवृत और स्नान कर हम 5 बजे अपने कमरो की चाबियाँ जमा कर तैयार थे। सभी यात्री वहाँ आगए तो एलओ ने गुरु से सभी यात्रियों को बस में बैठाने को कहा और शिव स्तुति के साथ हमारी बस चल पड़ी।

थोड़ी देर बाद हमारी बस कस्टम ऑफिस के बाहर थी। जहाँ चीनी अधिकारीयों ने प्रत्येक यात्री की जाँच की। पासपोर्ट पर लगी फोटो से उनका मिलान किया। इस के बाद  हमारी बस भारत-चीन बॉर्डर लिपु पास की तरफ चल पडी। बस सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में चली जा रही थी, धीरे-धीरे पौ फटने लगी आकाश में दिन निकलने से पहले का प्रकाश छाने लगा।

पहाड़ी उबड़ खाबड़ रास्तो पर चलते हुए हमारी बस पहाड़ों से घिरे एक सुनसान स्थान पर जाकर रुक गयी। अब हमें जीप में बैठ कर 3 कि.मी. के करीब जाना था। जीप कुछ यात्रियों को ले जाती और उन्हें ऊपर तक छोड़ कर वापिस दूसरे यात्रियों को ले जा रही थी। ठण्ड बहुत ही ज्यादा थी। सभी यात्री बस में बैठ कर ही जीप का इन्तजार कर रहे थे। मैं सब से आखिर में गया। जहाँ हमें जीप ने छोड़ा था उस के बाद हमें 1 कि.मी.के लगभग पैदल बर्फ पर चल कर 17500 फ़ीट की ऊंचाई पर पहुँचना था। आगे का रास्ता फिसलन भरी बर्फ से भरा था। सभी यात्रियों को अपने बैग खुद ही उठाने थे, इस लिए सभी यात्री धीरे धीरे चल रहे थे। ऑक्सीजन भी बहुत कम थी। कई यात्री तो बहुत ही धीरे धीरे चल रहे थे। लिपुलेख दर्रे के आखिरी 50 मीटर की चढाई एकदम सीधी थी।  

मैं लिपलेख बॉर्डर  के पास पहुँचा तभी मेरा पोर्टर चीनी सीमा के अंदर आ कर मेरे गले लग गया और उस ने मेरा बैग उठा लिया। उसी तरह और भी पोर्टर चीन सीमा के 30 -40 मीटर सीमा के अंदर आ कर अपने अपने यात्रियों को ढूंढ रहे थे। लिपु बॉर्डर पर पहुँच कर हम अपनी देश की  सीमा में प्रवेश कर गए। हमारे सिपाही हमारे स्वागत के लिए खड़े थे। हाथ पकड़कर सभी को बुला रहे थे। वह पल हमारे लिए गर्व के पल थे। हम अपने देश में लिपुलेख दर्रे पर खड़े थे। बॉर्डर पर ठंड बहुत थी। मौसम भी खराब था। वहीँ पर सभी यात्री अपने अपने पोनी पोर्टर को ढूंढ रहे थे। लिपुलेख के पास पहुँच कर पता चला कि हमारी एक यात्री नीलम जी की तबियत लिपुलेख बॉर्डर पर  बहुत ख़राब हो गई थी। ऑक्सीजन सीलेंडर भी नहीं खुला था। उन्हें बहुत मुश्किल से संभाला गया। एक तरह से भोले नाथ ने उन्हें नया जीवन दिया। 

जहाँ चीन साइड गिर जाने पर कोई उठाने वाला नहीं था। वही अपनी साइड सहारा देने वाले कई हाथ थे। एक बात और जहाँ बॉर्डर के उस साइड (चीन) के 4 कि.मी. बाद चीन की सैनिक चौंकी और सड़क मोटर  मार्ग था, वही हमारी तरफ 9 कि.मी. के बाद सैनिक चौंकी और 18 कि.मी. के बाद सड़क मोटर मार्ग था। 
 
सीमा पर ही हमें सातवें  दल के सदस्य मिले जो हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे थे। कई यात्री तो पैर छूकर आशीर्वाद ले रहे थे। हम सभी ने उनकी यात्रा सकुशल होने की शुभकामनाएँ दीं।

थोड़े  समय के विश्राम के साथ मै नवींढांग की तरफ पैदल चल पड़ा। रास्ता उतराई का था सिपाहियों के ग्रुप भी यात्रियों के साथ-साथ चल रहे थे। हम सकुशल यात्रा पूरी करके स्वदेश वापिसी के सुखद भाव में भरे प्रकृति के सुंदर बिछावन को देखकर मोहित हो रहे थे जिन्हें जाते समय अंधेरा होने के कारण देख भी न सके थे। क्या दृश्य थे! उन्हें देखकर मुझे लग रहा था कि वह कोई विशाल पोस्टर है। मैंने सुंदर दृश्यों को कैमरे में उतारा और ललचायी सी नजरों से चारों ओर देखते हुए  आगे बढ़ता गया। जहाँ तिब्बत का पूरा पठार पूरी तरह वनस्पति विहीन और बंजर था।  वही अब भारतीय सीमा में हिमालय के शिखरों का सोंदर्ये प्रगट हो गया था।  लिपुलेख दर्रे से उतरते ही रास्ते के किनारे छोटी घास और झाड़ियाँ मिलने लगी थी। 

बीच में एक स्थान पर जवानो ने हम सब को रोककर गर्म-गर्म चाय और चिप्स खिलाए। सुबह से इतनी ठंड में चलने पर मिली वह चाय नहीं अमृत थी। शरीर को गर्मी और स्फूर्ती मिली। हम अपने उन जवानों की निस्वार्थ सेवा के ऋणी हैं।

मैं 9.30  बजे सुबह नवीढ़ांग कैम्प पहुंच गया वहां हम ने नाश्ता किया। कुछ यात्री भी पहुंच चुके थे तथा शेष लगातार आ ही रहे थे। नवींढांग में हम ‘ऊं’ पर्वत के दर्शन करने के लिए रुक गए। लेकिन लगता था ॐ  पर्वत के दर्शन हमारे भाग्य में नहीं थे।  बादल होने के कारण हमें आंशिक ॐ के दर्शन हो रहे थे। 

एक घंटा रुकने के बाद  हम  ने काला पानी के लिए प्रस्थान किया।  नदी किनारे दोनों ओर ऊँचे-ऊँचे पहाड़ और घाटी में तेरह दिन में ही मौसम अपना रंग दिखा चुका था। हरियाली पनपने लगी थी, कहीं-कहीं पहाड़ों के ढलान पर रंगबिरंगे छोटे-छोटे फूल भी खिल रहे थे।  निरंतर चलते हुए हम 1.30  बजे  हम काला पानी पहुंच गये और बुरांश का शरबत जी भर कर पिया। दोपहर के भोजन और थोड़े विश्राम के बाद हम इमिग्रेशन क्लेरेंस करा कर काली माता के चरणो में अब तक की निर्विघ्न यात्रा एवं दर्शनों के लिए धन्यवाद किया एवं आगे के जीवन के आशीर्वाद की कामना लिए मंदिर में प्रवेश किये।

थोड़ी देर बाद हम गुंजी के लिए निकल पड़े। कालापानी से गूंजी तक मार्ग अच्छा  है। इस पर ITBP और सीमा सड़क संगठन के ट्रक चलते रहते हैं।  पैदल चलते यात्रियों को देख कर ये ट्रक रुक गए और यात्रियों को चढ़ा लिया। आखिर के 4 कि.मी. ट्रक से यात्रा की गई। आज की यात्रा काफी लम्बी और थकाने वाले थी। 4 बजे के करीब हम ने  गुंजी में प्रवेश किया। आज कुल 26 कि.म. चले थे। हम गुंजी कैंप जाते समय हम ने आई टी बी पी कैंप में माता मंदिर में दर्शन किये और अपने  कैंप में पहुंचे।

पहुँचते ही चाय आ गयी फिर थोड़ा आराम किया और तब तक हमारा सामान आ गया। उसे ले कर कमरे में लाये आगे के रास्ते के लिए सामान निकाला और वापस पैक कर दिया। आईटीबीपी के द्वारा आज यात्रियों के वापस आने की खुशी एवं स्वागत में मंदिर में भजन व वही पर पास में ही ‘‘बड़ा खाना‘‘ का कार्यक्रम रखा गया है। सभी यात्री कैम्प से नीचे स्थित कालीमंदिर गए एवं भजन आरती में शामिल हुए। उसके पश्चात रात्रि 8.00 बजे रात्रिभोज मे सम्मिलित हुए। जिस में सभी यात्री और जवान शामिल थे। औपचारिक सम्बोधन और आभार प्रदर्शन हुआ। हमारे दल ने सामूहिक रूप से एकत्रित किये गए रुपयो में से 25000 रुपए की राशि ITBP के विधालयों के लिए भेंट की। सभी यात्री आनन्दपूर्वक भोजन किए एवं वापस 9.30 बजे आकर सो गए।
 
चलती बस से चीन साइड लिया गया फोटो 



लिपुलेख दर्रे से पहले बर्फ पर चलते हुए 


इंडिया साइड 




लिपुलेख से वापसी 

रास्ते में सुन्दर फूल 








नवीडांग कैंप 


ॐ  पर्वत के दर्शन के लिए बैठे हुए यात्रीगण 


ॐ पर्वत के आंशिक दर्शन 










काला पानी में काली माता का मंदिर 



ट्रक में बैठ कर जाते हुए 



 
 

Tuesday, 6 October 2015

कैलाश मानसरोवर यात्रा------उन्नीसवाँ दिन-----मानसरोवर से तकलाकोट


मानसरोवर से तकलाकोट

कुगु से तकलाकोट 65 कि.मी. बस से 
 
सुबह साढ़े पांच बजे उठकर दैनिकचर्या से निपटकर नाश्ता किया और मानस दर्शन किये। कुछ यात्री सुबह सुबह ही मानस के ठंडे जल में स्नान कर रहे थे।  मानस का अलौकिक दिव्य स्वरुप ही सचमुच इसे देव-सरोवर! बनाता है।  

शिव स्तुति एवं "ओम नमः शिवाय" के उद्घोष के साथ 6 बजे हमारी बस चल पड़ी।  यात्रियों ने विदाई-भाव के साथ शिव-धाम कैलाश और देव-सरोवर मानस को नमन किया और ’हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए। सभी कैलाश से विदा लेते में भावुक थे क्योंकि आगे धीरे-धीरे कैलाश के दर्शन छिप जाते हैं। यही बाबा भोले के धाम के अंतिम दर्शन थे। हमारी बस मानस के किनारे-किनारे बने रास्ते पर जा रही थी। हम मानस के विशाल रुप को देखकर मुग्ध हो रहे थे।  हमारी बस मानस  को पीछे छोड़कर आगे दौड़ रही थी। थोड़ी देर में मानस दर्शन कम हो गए और राक्षस-ताल दिखेंने लगा। हमारी बस ऐसे जगह रुकी जहा से मानस ताल, राक्षस-ताल दाये और बाये थे।

रास्ते में बीच-बीच में एक दो गाँव भी नज़र आए, पठारी और पहाड़ी क्षेत्र का सौंदर्य हमें पलक झपकने नहीं देता था। बस दौड़ रही थी और हम बाहर देख रहे थे। 

 
ज़ोरावर सिंह की समाधि
 
लगभग 2 घंटे चलने के बाद आसपास हमारी बस सड़क के बायीं ओर साइड में जाकर खड़ी हो गयी। गुरु ने सभी से नीचे उतरने को कहा। लगभग सौ मीटर अंदर जंगल में गए। वहाँ छोटे-छोटे पत्थरों को चुनकर लाल रंग से पुता हुआ एक मंच/चबूतरा सा बना हुआ था। जिस पर मठ की भांति तिब्बती-परंपरा की तरह कपड़ों की झंडियाँ बांधी हुयी थीं।

हम सभी वहाँ एकत्र हो गए। तब गुरु ने बताया कि वह ’तोय’ गांव है और वह चबूतरा भारत के वीर बलिदानी सेना-नायक ज़ोरावरसिंह की समाधि है। वीर ज़ोरावर सिंह लद्दाख को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाने के अभियान का हीरो था।  स्थानीय भाषा में उसे सिंगलाका चौतरा कहा जाता है। गुरु के अनुसार स्थानीय लोगों में उस समाधि की बड़ी मान्यता है। वहाँ समाधि पर आने से उनकी मनोकामनाएँ पूर्ण हो जाती हैं। हम सभी ने सच्चे मन से उस सैनानी को अपनी विनम्र श्रद्धांजली अर्पित की। 

 
जोरावर सिंह के बारे में 
 
जनरल जोरावर सिंह कुशल प्रशासक, साहसी, युद्ध कौशल में निपुण और महान योद्धा थे। ये महाराजा गुलाब सिंह की सेना में बतौर सिपाही भर्ती होकर जनरल पद तक पहुँचे।

224 वर्ष पूर्व 13 अप्रैल 1786 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले स्थित कहलूर नामक गाँव में जन्मे जोरावर सिंह के व्यक्तित्व तथा कार्य कुशलता से प्रभावित होकर महाराजा गुलाब सिंह ने उन्हें किस्तवाड्‍ का गवर्नर नियुक्त कर वजीर की पदवी प्रदान की। वजीर बनने के बाद जनरल जोरावर सिंह ने अपना पूरा ध्यान सेना के प्रशिक्षण पर केन्द्रित किया। उन्होंने अपने जैक स्टेट फोर्सेज का नेतृत्व करते हुए कई महत्वपूर्ण युद्धों में अपनी सेना को विजय दिलाई।

लद्दाख पर आक्रमण- 1834 में जोरावर सिंह ने लद्दाख पर आक्रमण कर दिया। 11000 फुट की ऊँचाई पर भेड़ की खाल पहनकर जबर्दस्त लड़ाई लड़ी। कड़े संघर्ष के बाद जनरल जोरावर सिंह की सेना ने दुश्मन की सेना को मार भगाया। जनरल जोरावर सिंह ने बाल्टिस्तान युद्ध, तिब्बत पर आक्रमण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तिब्बत आक्रमण में विजय अभियान को आगे बढ़ाते हुए जनरल जोरावर सिंह ने 12 दिसंबर 1841 को तोया युद्ध में अभूतपूर्व साहस का परिचय देते हुए रणक्षेत्र में वीरगति प्राप्त की। अदम्य बहादुरी के कारण ही इन्हें भारत का लिटल नेपोलियन भी कहा जाता है।

जनरल जोरावर सिंह
वीर जोरावर सिंह जी 

ज़ोरावर सिंह की याद को मन में संजोय हम बस में बैठकर पुनः तकलाकोट की ओर बढ़ गए।
हमारी बस तकलाकोट को पार कर खोजरनाथ के रास्ते पर चल पड़ी खोजरनाथ एक प्राचीन हिन्दु मंदिर है। खोजरनाथ तकलाकोट से लगभग 20 कि.मी. दूर है। 

मंदिर में आदम कद से भी बड़ी तीन मूर्तियाँ थी, जिनको गुरु ने राम, लक्षमण और सीता बताया। बीच में राम बाएं सीता तो दांए लक्षमण। इन मूर्तियों की बनावट बुद्ध मूर्तियों की तरह ही है। हालांकि बाहर बोर्ड पर उसे खोरचग मोनेस्ट्री ही लिखा है। इस की स्थापना 996 ई. में रिनचेन  सांगपो द्वारा की गई थी। मंदिर के बीचो बीच घी के बड़े-बड़े दीपक जल रहे थे। यात्रियों को भी दीपक खरीदकर आरती करने की सुविधा थी। हम सब ने भी दीपक जलाए। मंदिर में युवान के साथ-साथ रुपया भी लिया जा रहा था। मंदिर में अंदर मूर्तियों के सिंहासन के चारों ओर अति संकीर्ण परिक्रमा-मार्ग था। जिसमें बिलकुल गुपागुप्प अंधेरा था। पहले तो डर लगा फिर चले गए और परिक्रमा करके बाहर आ गए। मंदिर के दायीं ओर एक कक्ष में भगवान बुद्ध की ध्यानस्थ-मुद्रा में मूर्ति विराजित थी। हमसब ने वहाँ भी मस्तक झुकाकर नमस्कार किया और मंदिर का पुस्तकालय देखा और बाहर आगए। मठ के परिक्रमा स्थल में प्रार्थना चक्र लगे थे।  जिन पर तिब्बती भाषा में मंत्र लिखे हुए थे। बौद्ध श्रद्धालु परिक्रमा करते समय उन्हें घूमते जा रहे थे।  
 
 
बाहर मैन गेट के पास ही मंदिर के प्रबंधक की ओर से हम सब यात्रियों को याक के दूध की चाय पिलायी गयी। वहीं एक छोटी सी कोठरी में मंदिर और कैलाश-मानसरोवर के पोस्टर और चित्रों के अतिरिक्त पूजा की अन्य सामग्री भी बिक रही थी। कुछ सहयात्री खरीददारी कर रहे थे, कुछ बाहर बस के पास आगए थे। मठ के चारों ओर पक्की सड़कें, मकान थे। जिन पर चीन के झंडे लहरा रहे थे। 

करीब 1 घंटा खोजरनाथ में बिताने के बाद हम तकलाकोट के लिए रवाना हो गए। सभी यात्री तिब्बत के पठारों के प्राकृतिक नज़रो को कैमरे में कैद करने में लगे थे। जल्दी ही हम तकलाकोट पहुंच गए अपने कमरो में जा कर स्नान किये और लंच किये फिर शॉपिंग करने निकल गए क्योंकि हमें अपने लगेज वापस पैक कर के कस्टम क्लेरेंस के लिए जमा कर देना था।

शाम को रात्रि का भोजन कर सो गए।


सुबह के समय मानस के सामने आखिरी फोटो 



चलती बस में लिया गया रास्ते का फोटो 

राक्षस ताल 


चलती बस में लिया गया रास्ते का फोटो 


चलती बस में लिया गया रास्ते का फोटो 




महान सेनानायक जोरावर सिंह जी की समाधि 




खोजरनाथ / खोरचग मोनेस्ट्री के बाहर का दृश्य 


मंदिर के अंदर  का दृश्य 



राम ,सीता,लक्ष्मण जी की मूर्तियां 










तकलाकोट में नेपाली मार्किट